रांची में विश्वस्तरीय किडनी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का ऐलान
झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़ी घोषणा की गई है। रांची में अब 2200 बेड का विश्वस्तरीय किडनी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनाया जाएगा। यह ऐलान राज्य के स्वास्थ्य, आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने किया। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल किडनी मरीजों के लिए वरदान साबित होगा और अब उन्हें इलाज के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
ऑस्ट्रेलिया करेगी निवेश
डॉ अंसारी ने बताया कि इस परियोजना में AUSTIN Hospital & Services (Australia) निवेश करेगी। कंपनी के CEO आंद्रेई कोल्मोगोरोव ने रांची में बैठक के दौरान कहा कि उनका लक्ष्य झारखंड को हेल्थकेयर हब बनाना है। उन्होंने जोर दिया कि इस परियोजना को राजनीति से दूर रखकर तेजी से पूरा करना होगा, ताकि जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
किडनी ट्रांसप्लांट समेत आधुनिक सुविधाएं
इस सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में किडनी ट्रांसप्लांट (Kidney Transplant) समेत सभी अत्याधुनिक मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल के निर्माण के बाद पूर्वी भारत के मरीजों को भी यहां इलाज का लाभ मिलेगा। अभी तक झारखंड में किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, लेकिन इस अस्पताल के बनने के बाद मरीजों को दिल्ली, चेन्नई और मुंबई जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी।
राज्य सरकार की मदद जारी
राज्य सरकार पहले से ही गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत 15 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता दे रही है। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हेमोडायलिसिस की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। अब किडनी ट्रांसप्लांट सुविधा शुरू होने से स्वास्थ्य सेवाओं में एक नया अध्याय जुड़ जाएगा।
झारखंड के लिए नई उम्मीद
यह सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल न केवल झारखंड बल्कि पूरे पूर्वी भारत के लिए मेडिकल सेवाओं का नया केंद्र बनेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इसके निर्माण से रांची को एक बड़ा मेडिकल हब के रूप में पहचान मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना सरकार की प्राथमिकता है और यह अस्पताल उसी दिशा में एक ठोस कदम है।




